पांच साल के लंबे इंतजार के बाद भारत-पाक की टीमें द्विपक्षीय सीरीज में क्रिकेट की पिच पर लड़ी जाने वाली रोमांचक लड़ाई के लिए तैयार हैं। देश को दहला देने वाले मुंबई आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी टीम का यह पहला भारत दौरा है। बल्ले और गेंद के इस रोमांचक संघर्ष का बिगुल मंगलवार को बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में पहले टी-20 मैच के साथ फूंका जाएगा।
महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में टीम इंडिया और मोहम्मद हफीज की सरपरस्ती में पाक टीम प्रतिष्ठा की यह जंग जीतने के लिए अपने तरकश का हर तीर आजमाने के लिए कमर कस चुकी हैं।
पांच साल पहले जब पाक टीम 5 मैचों की वनडे सीरीज खेलने भारत आई थी तब दोनों टीमों के बीच कांटे का मुकाबला हुआ था। टीम इंडिया ने नवंबर 2007 में हुई उस सीरीज में 3-2 के अंतर से जीत का परचम लहराया था। जहां तक बात फटाफट क्रिकेट यानि टी-20 की है तो भारत का पलड़ा पूरी तरह भारी है। टीम इंडिया ने पाक के खिलाफ खेले गए सभी तीनों मैचों में जीत दर्ज की है।
यह पहला मौका है जब धोनी के धुरंधर घरेलू जमीन पर पाक के खिलाफ टी-20 मुकाबले में उतरेंगे। दोनों ही देश इस प्रारूप में एक-एक बार चैंपियन रह चुके हैं। तो तैयार हो जाइए दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों के एक नए अध्याय का हिस्सा बनने के लिए। अगले दस दिनों तक खेली जाने वाली बेहतरीन क्रिकेट के रोमांचक सफर पर आपका स्वागत है।
मजबूत है पाक की गेंदबाजी
गौतम गंभीर और अजिंक्य रहाणे पर टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत देने की जिम्मेदारी रहेगी। विराट कोहली, युवराज सिंह, रोहित शर्मा, कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना पर भारतीय बल्लेबाजी का दारोमदार रहेगा। पाक की सबसे बड़ी ताकत उसकी गेंदबाजी है। उमर गुल, सोहेल तनवीर, सईद अजमल और शाहिद आफरीदी जैसे गेंदबाजों को खेलना मुश्किल होगा। इन गेंदबाजों की मदद के लिए कप्तान मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक भी मौजूद होंगे। उमर अकमल, कामरान अकमल, नासिर जमशेद और अहमद शहजाद पर अंकुश लगाना भारतीय गेंदबाजों के लिए सबसे बडी चुनौती होगी।
भारतीय बल्लेबाजी मजबूत है, लेकिन हार-जीत सिर्फ बल्लेबाजों पर निर्भर नहीं करती, गेंदबाजों की भूमिका भी अहम है। हमारे गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों को कड़ी चुनौती देंगे। मोहम्मद हफीज
दोनों टीमें बराबर हैं। जो बेहतर खेलेगा, जीत उसी की होगी। व्यक्तिगत प्रदर्शन अहम रहेगा, जिससे एक-दूसरे को जीत का आधार तैयार करने में मदद मिलेगी। महेंद्र सिंह धोनी
‘भारत के पास हाल में इंग्लैंड से खेलने का फायदा होगा। जबकि पाकिस्तानी इस मामले में थोड़े कमतर रहेंगे। लेकिन सईद अजमल पाकिस्तान के एक्स फैक्टर होंगे। उनकी गेंदबाजी में काफी वेरिएशन है और वह विकेट लेना जानते हैं।’
रमीज राजा, कमेंटेटर और पूर्व पाकिस्तानी कप्तान
03 : मैच भारत और पाक के बीच खेले गए हैं और सभी मैच भारत ने जीते हैं।
05 : साल बाद दोनों देशों के बीच खेले जा रही है द्विपक्षीय सीरीज।