इतिहास इसका गवाह है कि धर्म, जाति, मजहब के नाम पर जब भी विद्वेष हुआ, स्त्री शोषित और बलत्कृत हुई
तभी तो कभी जाति के नाम पर तो कभी धर्म के नाम पर उसे हिंसा का केंद्र बनाया गया और हर बार उस यौन हिंसा की प्रतिक्रिया में हमने जाति और धर्म को दोष दिया। जबकि वह न तो जाति की पोषक थी न ही धर्म की। वह केवल एक माध्यम भर है। दोष स्त्री के प्रति कुंठित मानसिकता और पितृसतात्मक व्यवस्था के पुरुधाओं के अहम पर चोट का था जो पूरे भारतीय समाज में सभी जातियों और धर्मों के भीतर मौजूद है जिसे आज भी देखा जा सकता है।
तभी तो गली मोहल्लों की लड़ाई में पहली गाली ही स्त्री को केंद्र में रख कर दी जाती है। उसके बाद वही हिंसा अधिक मुखर होकर महिलाओं का शाब्दिक बलात्कार तक कर देती है। मगर वहाँ भी विरोध में सिर्फ मौन मिलता है क्योंकि यह गाली व्यवहार और संस्कार के रूप में पीढ़ी-दर-पीढ़ी पारिवारिक व सामाजिक संपति बनकर चली आ रही है तो इन संस्कारों का विरोध कैसा?
इतिहास इसका गवाह है कि धर्म, जाति, मजहब के नाम पर जब भी विद्वेष हुआ, स्त्री शोषित और बलत्कृत हुई। क्योंकि हमारे समाज में स्त्री को परिवार का सम्मान और इज्जत के भाव के साथ बड़ा किया जाता है और यही भाव उसे विद्वेष में हिंसा का केंद्र बनाता है। आज भी गांव, कस्बों से लेकर शहरों तक में स्त्री को देखने की मानसिकता में बदलाव नहीं आया है। उसके साथ जघन्य से जघन्य अपराध होने पर भी उसे ही प्रश्न के कटघरे में खड़ा कर दिया जाता है और अपराधी शक्ति के बल पर निर्दोष बना दिया जाता है।
इस तरह के अपराधों में जमीनी रूप से सक्रिय कार्यवाही के साथ ही फास्टट्रैक कोर्ट और सजा की सुनवाई की अपेक्षा राजनीति अधिक सक्रिय हो जाती है। ऐसे में प्रतिदिन घटती बलात्कार की घटनाएं भीतर तक गुस्सा भर देती है और समाज-व्यवस्था के प्रति खीज उत्पन्न करती है। नेशनल क्राइम ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार देश के भीतर ही हर दिन 109 बच्चे यौन शोषण और रेप से गुजरते हैं।
कितने केस महिलाओं के साथ होते है, जिन पर चर्चा नहीं होती या वह परिवार व सामाजिक डर से छिपा दिए जाते हैं। कितने अगवा करके मार दिए जाते हैं। बच्चों और महिलाओं के साथ अपराध की बढ़ती घटनाओं को रोकने में कानून भी अपनी भूमिका का सही निर्वाह नहीं कर रहा है। तभी तो आज एक आम स्कूल से निकलकर कॉलेज जाने वाली लड़की सवाल करती है कि हम सुरक्षित कहां हैं?
जो कानून हमारी सुरक्षा के लिए बने हैं उसके अलावा क्या कानून में इन अपराधों को रोकने के लिए अन्य विकल्प नहीं है?
आप कहते हैं हमारे लिए कानून बना है उसमें बहुत सारे बदलाव भी आए हैं। लेकिन मैं तो रोज इस तरह की घटनाओं को अपने आसपास देख और सुन रही हूं। सितंबर में दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक नौ साल की लड़की से नाबालिगों द्वारा रेप किया जाता है। मुजफ्फरपुर में एक लड़की अगवा कर ली जाती है। समयपुर बादली में 13 साल की लड़की का रेप होता है। एक 90वर्ष की बुजुर्ग महिला का रेप होता है। अभी हाल ही में उत्तर प्रदेश के हाथरस में लड़की का गैंगरेप होता है और उसकी मौत हो जाती है। इस घटना पर पुलिस कार्रवाई शुरू भी नहीं हुई थी कि बलरामपुर में एक ओर बलात्कार की घटना घट जाती है।
यह सभी घटनाएं सितंबर माह की है, जो किसी न किसी रूप में मीडिया और सोशल मीडिया से बाहर आई हैं। इन घटनाओं से देखा जा सकता है कि हमारे समाज में स्त्री देह को योनि से अधिक कुछ नहीं समझने की मानसिकता में अभी तक कोई बदलाव नहीं आया है। नेताओं से लेकर सामान्य व्यक्ति तक के भीतर स्त्री के प्रति कुंठा देखी जा सकती है जिसे उनके बयानों और स्त्री संबंधी भाषा के प्रयोग से जाना जा सकता है।
ऐसे में जब किशोरावस्था की लड़कियां जो पढ़ लिखकर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं और न्यायिक व्यवस्था, राजनीति को देख और समझ रही हैं तो वे सवाल करती हैं कि हमारा समाज उत्थान की ओर जा रहा है या अपने पतन का इतिहास लिख रहा है। आप ही बताइए जब दिल्ली जैसा महानगर, जहां सभी तरह के जागरूकता कार्यक्रम होते रहते हैं, जो दूर-दराज के गांवों व कस्बों से अधिक सशक्त भी है, बताइए यहां जब इतनी सारी बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं तो गांवों और कस्बों की क्या स्थिति होगी?
जो कानून हमारी सुरक्षा के लिए बने हैं उसके अलावा क्या कानून में इन अपराधों को रोकने के लिए अन्य विकल्प नहीं है? मैं कब खुद को सुरक्षित महसूस कर पाऊंगी?’ ऐसे में मेरे पास इसका एक ही जवाब होता है खुद को इतना मजबूत बनाओ, ताकि अपने लिए और दूसरों के लिए लड़ सको। क्योंकि आज जिस दौर में हम जी रहे हैं वहां कानून भी लाचार हो गया है और मीडिया को तो टीआरपी की दीमक खा चुकी है।
बलात्कार, यौन शोषण की घटनाएं मीडिया के लिए आम घटना बन कर रह जाती है। ऐसे में हमें, परिवार और समाज को सोचना है कि क्या हम अपने बच्चों को घर में बंद करके सुरक्षित रख सकते हैं या उन्हें इस यथार्थ के साथ मजबूत बनाकर अपने आत्मसम्मान की लड़ाई के लिए आगे बढ़कर जीना सिखाकर?
यह आपका अपना निर्णय है। आज का समय खुद को मजबूत बनाने और स्त्री हिंसा के प्रति सामाजिक व्यवस्था के पुरजोर विरोध का है तभी ऐसे समाज में स्त्री खुद को सुरक्षित बचा सकेगी अन्यथा यह सामाजिक व्यवस्था, अपराधी के मानवाधिकार की तो सुरक्षा करती हैं और शोषित को शोषित होने का दंड देने से भी गुरेज नहीं करती है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।