एक और संयोग घटा। स्वेन्स्क फिल्म इंडस्ट्री का स्टूडियो उस समय 25 साल पूरे कर रहा था, उन लोगों ने एक खास वार्षिक समारोह करना तय किया। यह सालगिरह 1944-45 सेशन में पड़ रही थी और इस अवसर पर स्टूडियो गुणवत्ता पूर्ण छ: फिल्में बनाने जा रहा था। उन लोगों ने कई निर्देशक किराए पर रखे हुए थे, जिनमें एल्फ शोबर्ग भी थे। समस्या यह थी कि एल्फ शोबर्ग के लिए कोई स्क्रिप्ट नहीं थी और उसी समय स्टीना बर्गमैन को ‘टोरमेंट’’ की याद आई। फिल्म ‘टोरमेंट (1944) बनी, इसके साथ अनूठे इंगमर बर्गमैन स्क्रीनप्ले राइटर की राह पर चल पड़े।
अजीब ढंग से बने सिने-निर्देशक
इसी तरह अजीब ढंग से इंगमर बर्गमैन सिने-निर्देशक बन गए। पर वह बात फिर कभी और। अभी उनके स्क्रिप्ट राइटर व्यक्तित्व पर ही बात करती हूं। वे कुशल लेखक थे, उनकी आत्मकथा ‘द मैजिक लैंटर्न’ से भला कौन सिने-प्रेमी परिचित नहीं है। बहुत ईमानदारी से लिखी गई है, यह किताब।
स्क्रिप्ट राइटिंग में भी उनके काम को बिल्कुल अलग तरह से पहचाना जा सकता है, उस पर उनके व्यक्तित्व की गहरी छाप होती है। पादरी एरिक बर्गमैन के पुत्र इंगमर बर्गमैन अपने काम में नैतिकता के मुद्दे उठाते हैं, मानवीय संबंधों की खोज करते है, ये संबंध आदमी-आदमी के बीच होते हैं, साथ ही वे आदमी और ईश्वर के संबंध की पड़ताल करते हैं। उन्होंने टीवी तथा फीचर फिल्म दोनों के लिए स्क्रिप्ट लेखन किया।
अपनी फिल्म-स्क्रिप्ट में छाया का गत्यात्मक प्रयोग, चेहरे का क्लोजअप्स और घड़ी के डायल का क्लोजअप्स उनकी एक विशेषता है। इसी तरह उनकी फिल्मों में दो पात्र खूब गहन-सघन बातचीत करते हैं, संवाद करते हैं, अक्सर गर्मागरम बहस करते हैं, मगर वे एक-दूसरे की ओर देखते नहीं हैं। आंख-में-आंख डाल कर बात नहीं करते हैं।
चालीस साल के दौरान उन्होंने करीब 60 फिल्में लिखीं, 170 नाटक लिखे तथा 100 किताबें लिखीं। करीब 90 मिनट की उनकी फिल्मों की थीम बहुत अनोखी होती है और वे जोखिम उठाते हैं। इसी कारण वे आने वाले कुछ बड़े निर्देशकों की प्रेरणा रहे। वूडी एलेन, डेविड लिंच, मार्टिन स्कोर्सिसे, फ़्रांसिस फ़ोर्ड कोपोला, डेविड फ़िंसर, एन्ग ली, स्टीवन शोडर्बर्ग आदि उनमें से कुछ निर्देशक हैं।
यदि इंगमर बर्गमैन ने विपुल लेखन किया तो उन पर भी खूब लेखन हुआ है। विपुल लेखन करने वाले बर्गमैन के दृश्य यथार्थ और फंतासी को लांघ कर काल्पनिक कहानी कहने के मर्म तक जाते हैं। ये दृश्य यह भी दिखाते हैं कि बर्गमैन काल्पनिक दुनिया में सृजन के पलों में चरित्र के साथ कैसा खिलवाड़ करते हैं। अगर इसको ठीक से समझना है तो उनकी ‘नोटबुक’ पढ़नी होगी। अपनी नोटबुक में कभी वे खुद से बातचीत करते हैं, ठीक वैसे ही जैसे बच्चे खेल रचते समय अथवा दिवास्वप्न में खुद से बात करते हैं।
बर्गमैन की नोटबुक की सहायता से उनके स्क्रीनप्ले लेखन, उनकी फिल्मों का पठन-पाठन होता है। खासकर उनकी फ़िल्म ‘स्माइल्स ऑफ़ ए समर नाइट’ (1955), ‘परसोना’ (1966), ‘द साइलेंस’ (1963) का अध्ययन केलिए खूब उपयोग होता है। द साइलेंस’ को अंतरराष्ट्रीय सफलता मिली, लेकिन इसके सेक्स दृश्यों के कारण इसे कई देशों में प्रतिबंधित भी किया गया था।
उन्होंने अपनी अधिकांश फिल्मों के स्क्रीनप्ले खुद लिखे। इनमें ‘द सेवंथ सील’ (1957), ‘वाइल्ड स्ट्राबेरीज’ (1957), ‘द मैजिसियन’ (1958), ‘शेम’ (1968), ‘सीन्स फ़्रॉम ए मैरिज’ (1974), ‘द मैजिक फ़्लूट’ (1975), ‘फ़ेस टू फ़ेस’ (1976), ‘द सरपेंट’स एग’ (1977), ‘ऑटम सोनाटा’ (1978), ‘द मेकिंग ऑफ़ ऑटम सोनाटा’ (1978), ‘फ़ेनी एंड एलेक्जेंडर’ (1982), ‘फ़ेथलेस’ (1999), ‘परसोना’, आदि प्रसिद्ध हैं। ‘शेम’ की प्रशंसा उनके आलोचक भी करते हैं।
पिता पादरी थे तो जाहिर है, बहुत कठोर स्वभाव के थे। वैसे भी उन दिनों पिता का मतलब था तानाशाह। अत: बचपन में उन्हें सिनेमा देखने की इजाजत नहीं थी। मगर उनकी दादी उन्हें छिपा कर फिल्म दिखाने ले जाती थीं। तब कौन जानता था यह व्यक्ति आगे चल कर सोते-जागते फिल्म की दुनिया में सांस लेगा। सात बच्चों के पिता और चार बार शादी करने वाले इंगमैन की चारों शादी का अंत तलाक में हुआ। सिनेमा को अपनी ‘मिस्ट्रेस’ (who considered cinema to be merely his ‘mistress’) मानने वाले इंगमर बर्गमैन जिस महीने में पैदा हुए उसी महीने में उनकी मृत्यु हुई। वे 30 जुलाई 2007 को पकी उम्र में गुजरे। मगर उनका काम उन्हें सदा अमर रखेगा।
-----------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।