बचपन में मार्गरेट थैचर को अपना आदर्श मानने वाली और उनकी भूमिका निभाने वाली लिज ट्रस के माता-पिता वामपंथी विचारों के रहे।
- फोटो : अमर उजाला
ब्रिटेन और आर्थिक हालात
दरअसल, कोरोना काल के बाद जिस तरह दुनिया भर में अर्थव्यवस्था का हाल खराब है, उससे ब्रिटेन समेत पश्चिम के देश खुद को संभाल नहीं पा रहे हैं। इसके बाद रूस-यूक्रेन युद्ध के इतना लंबा खिंचने से हालात और बिगड़ गए हैं। ऐसे में जॉनसन ने 2019 में प्रधानमंत्री बनते ही जिस तरह ब्रेक्जिट समझौते पर मुहर लगाई और 2020 के जनवरी में ब्रिटेन को यूरोपीय यूनियन (ईयू) से अलग कर लिया, उसका स्वागत भी हुआ और विरोध भी।
जाहिर है ये वो वक्त था जब दुनिया कोरोना के सबसे भयानक दौर से गुजर रही थी। कंजर्वेटिव पार्टी 2016 से ही इसके लिए लोगों का भरोसा जीतने में लगी थी कि ब्रिटेन को ईयू के दबाव में नहीं रहना है। तब टेरीजा मे प्रधानमंत्री थीं और बोरिस जॉनसन उनकी सरकार में विदेश मंत्री। प्रधानमंत्री बनने के बाद कई तरह के विवादों में घिरे जॉनसन को इस साल सितंबर में आखिरकार कुर्सी छोड़नी पड़ी और लिज ट्रस बड़े बड़े वादे के साथ प्रधानमंत्री बन गईं।
बचपन में मार्गरेट थैचर को अपना आदर्श मानने वाली और उनकी भूमिका निभाने वाली लिज ट्रस के माता-पिता वामपंथी विचारों के रहे, शायद इसीलिए पहले वो राजशाही का विरोध करती रहीं, लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ रहीं, लेकिन बाद में थैचर की पार्टी ही उन्हें पसंद आई। सत्ता की चाह में कई दफा चुनाव लड़ीं और हारीं लेकिन डेविड कैमरन की बदौलत लिज पहली बार 2010 में साउथ वेस्ट नॉरफॉक सुरक्षित सीट से जीत कर सांसद बनीं। और आखिरकार पार्टी ने पीएम भी बनाया लेकिन यहां के बिगड़े हालात को संभालने में नाकाम होकर उन्होंने खुद ही हार मान ली। पार्टी के भीतर से भी लगातार ये दबाव बन रहा था कि उनसे सरकार नहीं चल पा रही। माना जा रहा है कि इसके पीछे ऋषि सुनक के समर्थकों ने तो दबाव बनाया ही, विपक्षी लेबर पार्टी को भी बार बार मौका मिला।
ब्रिटेन की सियासत भारत से अलग रही है, लेकिन कंजर्वेटिव पार्टी की लगातार जीत और बोरिस जॉनसन की लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें वहां के ‘मोदी’ के तौर पर भी प्रचारित किया गया। ये माना गया था कि 2024 तक जॉनसन बने रहेंगे और उसके बाद भी पार्टी को जीत दिलाएंगे, लेकिन जिस तरह नरेन्द्र मोदी ने भारत की अर्थव्यवस्था को संकट के दौर में भी संभाला और हालात बिगड़ने नहीं दिए, उसकी तुलना में बोरिस जॉनसन कहीं नहीं ठहरे और अपने ही विवादों में उलझकर रह गए।
जाहिर है ऐसे वक्त में ब्रिटेन को एक मजबूत और दीर्घकालिक सोच वाले नेतृत्व की जरूरत है जो अपने देश के लिए सोच समझ कर फैसले ले, आम लोगों के हितों के बारे में सोचते हुए आर्थिक सुधार की योजनाएं बनाए और दुनिया के तमाम देशों से अपने रिश्ते और मजबूत कर सके।
जाहिर है ऐसा तभी हो पाएगा जब उसमें पार्टी के भीतरी संकट को दूर करने के साथ अपने सहयोगियों के साथ मिल बैठकर फैसले लेने और उनका भरोसा जीतने की क्षमता हो। ऐसा अगर ऋषि सुनक कर सकेंगे तो जाहिर है बहुमत उनके पक्ष में होगा। फिलहाल ब्रिटेन के लिए आने वाले कुछ दिन अभी हलचल भरे होंगे और सबको इंतजार है कि अब देश की बागडोर कौन संभालेगा।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।