आलमपुर (कांगड़ा)। गलतफहमी ने जम्मू-कश्मीर से आलमपुर क्षेत्र में फेंसिंग कार्य करने आए चार युवकों को शुक्रवार को बड़ी आफत में डाल दिया।
ये युवक आलमपुर की ओर से अपने काम के सिलसिले में कूहन जा रहे थे। जेके नंबर की वैन में सवार ये लोग भेड़ी के पास रास्ता पूछते हुए महिलाओं से भेड़ी का पता जानना चाहते थे और आगे एक अन्य से बालकरूपी की ओर जाने का रास्ता पूछ बैठे, जबकि बालरूपी पीछे ही रह गई थी।
सही जगह की जानकारी न होने के कारण वैन इधर-उधर घूमती रही, जिससे रास्ते से गुजर रहीं महिलाओं को संदेह हो गया। उन्होंने शोर मचा दिया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों ने चारों युवकों को घेर लिया और आलमपुर पुलिस चौकी को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
पुलिस पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि चारों युवक हमीरपुर के ठेकेदार रोहित शर्मा के पास फेंसिंग का काम करते हैं। क्षेत्र का सही भौगोलिक पता न होने के कारण वे रास्ता भटक गए थे। वैन का नंबर जम्मू-कश्मीर का होने से महिलाओं को भी गलतफहमी हो गई थी।
पुलिस हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और युवकों ने राहत की सांस ली। संवाद