बहादुरगढ़। आसौदा गांव के राजकीय कन्या स्कूल की मरम्मतशुदा पुरानी इमारत में शिफ्ट करने की मांग को लेकर वीरवार को ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वे लड़कों के स्कूल पर ताला लगाने को मजबूर होंगे।
कन्या स्कूल की इमारत जर्जर होने के कारण छात्राओं को अस्थायी रूप से लड़कों के स्कूल में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद गांव के लोगों ने आपसी सहयोग और चंदा इकट्ठा कर कन्या स्कूल की बिल्डिंग की मरम्मत करवा दी लेकिन इसके बावजूद शिक्षा विभाग छात्राओं को दोबारा उसी मरम्मतशुदा इमारत में शिफ्ट नहीं कर रहा है।
लड़कों का स्कूल गांव से दूर होने के कारण छात्राओं को आने-जाने में परेशानी होती है जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण पहले भी शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार लिखित रूप में अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।