झज्जर। 77वां जिला स्तरीय वन महोत्सव झज्जर जिले के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसके सफल आयोजन को लेकर डीसी वर्षा खांगवाल ने बुधवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
डीसी ने बताया कि जिला स्तरीय वन महोत्सव वीरवार 30 जुलाई को सुबह 10 बजे गांव रईया स्थित बागवानी अनुसंधान केंद्र में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करनाल जिले के गांव कुटेल से राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे, जिसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बहादुरगढ़ विधायक राजेश जून, भाजपा राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना, भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, संजय कबलाना, हरियाणा हाउसफेड चेयरमैन सुभाष बंसल और नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
डीसी ने अधिकारियों को पेयजल, बिजली, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।