रायपुर से मिला उत्तर प्रदेश में जीत के फार्मूले का गुरु मंत्र
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रियंका गांधी ने ऐसे ही मास्टर ट्रेनर्स के प्रोग्राम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगे की रणनीति पर काम करने के बारे में बताया। मास्टर ट्रेनर प्रोग्राम में हिस्सा लेकर लौटे कांग्रेस के एक पदाधिकारी का कहना है कि उन्हें अब प्रदेश से लेकर जिले और जिले से लेकर तहसील फिर तहसील से शहर और गांव से विधानसभा और विधानसभा से बूथ स्तर की पूरी चेन मजबूती के साथ तैयार करनी है। वह कहते हैं वक्त कम है और काम ज्यादा है, लेकिन वह इसमें सफल होंगे। प्रियंका गांधी ने अपने इस कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों को इस बात के लिए जागरूक करना है कि कैसे कांग्रेस के सिवाय दूसरी पार्टियां जाति धर्म के नाम पर लोगों को बांट कर आगे बढ़ने की कोशिश करती रहीं और प्रदेश पिछड़ता चला गया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी का कहना है कि अगले कुछ दिनों में प्रियंका गांधी के उत्तर प्रदेश में लगातार कई दौरे होने हैं। प्रियंका गांधी के अगले दौरे से पहले सभी सत्तर हजार 'मास्टर ट्रेनर' तैयार हो जायेगें। यह सभी मास्टर ट्रेनर उत्तर प्रदेश में 'मास्टर स्ट्रोक' साबित होंगे। इसके लिए कांग्रेस आलाकमान ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रियंका गांधी के दौरे के बाद कांग्रेस के और तमाम बड़े पदाधिकारी भी लगातार न सिर्फ उत्तर प्रदेश में कैंप करेंगे बल्कि राज्य के अलग-अलग इलाकों में जाकर रात्रि विश्राम भी करेंगे और लोगों के साथ रहेंगे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रियंका गांधी का पूरा फोकस नई कांग्रेस और नए कार्यकर्ताओं को लेकर सामने आने का है। प्रियंका गांधी ने रायपुर के अपने सम्मेलन में स्पष्ट तौर पर सभी को ताकीद किया है कि अंदरूनी राजनीति बंद की जाए। इसके अलावा प्रियंका गांधी ने इस बात पर भी जोर दिया कि ज्यादा से ज्यादा युवा अपने वरिष्ठ जनों के सहयोग से साथ मिलकर आगे बढ़ें। ताकि कांग्रेस को अनुभव और युवाओं की शक्ति के साथ प्रदेश में सरकार बनाने का मौका मिल सके।