गुलेर (कांगड़ा)। मुबारिकपुर-रानीताल नेशनल हाईवे 503 पर बगलामुखी मंदिर के पास सीरा दा भरो में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। ये दोनों युवक कार से जालंधर से कांगड़ा की तरफ आ रहे थे।
दोनों युवक सड़क किनारे एक खोखे पर मैगी खाने के लिए रुके। इस दौरान एक सरिये से भरे ट्रक ने अनियंत्रित होकर पहले उनकी कार को टक्कर मारी और उसके बाद मैगी खाने के लिए रुके इन दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में केशव चौधरी (21) पुत्र राम जमेश चौधरी, निवासी ग्रीन वैली, जालंधर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथी करण जस्सी (25) पुत्र कुलदीप कुमार, निवासी अब्बाधपुरा, जालंधर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक अपनी कार से किसी काम के लिए जालंधर से कांगड़ा की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और खोखा मालिक सुरिंद्र के अनुसार युवक अभी मैगी बनाने का ऑर्डर ही दे पाए थे कि तभी कांगड़ा की ओर जा रहे सरिये से लदे एक ट्रक ने क्रैश बैरियर से टकराते हुए नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े इन दोनों युवकों को अपने चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रैश बैरियर के भीतर लगा खोखा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक कुलदीप पुत्र कहर सिंह, निवासी पद्दर, चंबा ट्रक को भगाकर करीब एक किलोमीटर दूर दरकाटा के पास रोककर खड़ा हो गया। खोखा मालिक और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया और चालक को वहीं धर दबोचा। खोखा मालिक ने यह अंदेशा जताया है कि ट्रक चालक नशे में हो सकता है, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
हालांकि, गिरफ्तार चालक कुलदीप ने अपना बचाव करते हुए दावा किया है कि उसके ट्रक से हादसा नहीं हुआ है। जब वह वहां से गुजरा तो सड़क पर पहले से ही खून पड़ा था। उसने बताया कि वह बनूड़ से सरिया लेकर गगल कांगड़ा की ओर जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी रानीताल से एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक करण जस्सी और अचेत केशव चौधरी को 108 एंबुलेंस के माध्यम से तुरंत सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया। डीएसपी ज्वालामुखी आरपी जसवाल ने बताया कि चालक कुलदीप को दरकाटा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है। चालक का मेडिकल करवाया जा रहा है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की प्राथमिक जांच कर रही है।