रोहतक। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया की कोर्ट ने लूट के मामले में दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए दस साल की सजा और दस हजार रुपये का जुर्माने की सजा सुनाई है। दोषियों में एक झज्जर जिले के माछरौली गांव का गोपाल उर्फ राम और दूसरा गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश का रिंकू उर्फ रामू है।
विजय नगर निवासी रविंद्र ने शिवाजी कॉलोनी थाने में 1 नवंबर 2019 को एफआईआर दर्ज कराई कि वह चचेरे भाई अमित से मिलकर बाइक पर घर जा रहा था। रात करीब 12.30 बजे उनकी बाइक को कार चालक ने टक्कर मार दी। इससे वह गिर गए।
रविंद्र ने बताया था कि गिरने के बाद कार से दो युवक उतरे और उसे पकड़ लिया। दूसरे ने उनके सिर पर ईंटों से कई बार वार किए। इससे उनके सिर और बाई आंख पर चोट लग गई थी। शोर मचाने पर चचेरा भाई अमित आया तो आरोपी भागने के लिए कार को चालू करने की कोशिश की पर हुई नहीं।
रविंद्र का आरोप था कि आरोपी उनकी बाइक छीनकर भाग गए। जाते समय वह जान से मारने की धमकी देकर गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामला कोर्ट में पहुंचा। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद 27 मई 2026 को आरोपियों को दोषी माना था। मंगलवार को कोर्ट ने उनको दस साल कैद और दस हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।