झज्जर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को गांव याकूबपुर स्थित रोहित ढाबे पर बाल श्रम करते हुए दो बच्चों को रेस्क्यू किया। दोनों बच्चों की उम्र 12 और 16 वर्ष है। इनमें एक रोहतक और दूसरा उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले का रहने वाला है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम विशाल के निर्देश पर बाल श्रम के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गठित टीम समय-समय पर जांच करती है। मंगलवार को झज्जर क्षेत्र में जांच के दौरान दोनों बच्चे ढाबे पर काम करते मिले।
सीजेएम विशाल ने बताया कि यह कार्रवाई जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मानव तस्करी विरोधी इकाई झज्जर और जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन की सहयोगी संस्था एमडीडीआईएफ इंडिया के सहयोग से की गई।
रेस्क्यू किए गए दोनों बच्चों को जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। समिति ने काउंसलिंग के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया। साथ ही, परिजनों को बच्चों का स्कूल में दाखिला करवाने की हिदायत दी, ताकि वे पढ़ाई कर अपना भविष्य संवार सकें।