झज्जर। टेलीग्राम के जरिये पार्ट टाइम जाब का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में थाना साइबर क्राइम झज्जर पुलिस ने दो आरोपियों सुनील और रामराज निवासी जिला नागौर राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रबंधक साइबर क्राइम झज्जर निरीक्षक सोमवीर कुमार ने बताया कि झज्जर निवासी महिला ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवाई थी। महिला ने बताया था कि टेलीग्राम के माध्यम से पार्ट टाइम जाब का झांसा देकर व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ दिया गया। ठगों ने 720000 से अधिक की रकम की साइबर ठगी कर ली। जब धोखाधड़ी का पता चला तो साइबर सेल झज्जर में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।