झज्जर। थाना साइबर क्राइम झज्जर की पुलिस ने केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये का फर्जी लोन कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रविंद्र निवासी गांव खेड़ी बत्तर, जिला चरखी दादरी और दीपक निवासी चरखी दादरी के रूप में हुई है।
विज्ञापन
थाना साइबर क्राइम झज्जर के प्रभारी निरीक्षक दर्शन सिंह ने बताया कि 17 मई को बेरी निवासी एक दुकानदार ने शिकायत दी थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन-पे की केवाईसी अपडेट कराने के बहाने उससे आधार कार्ड, पैन कार्ड और ओटीपी की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद उसके नाम पर 2.49 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराकर राशि दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई।
तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग रिकॉर्ड और साइबर विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।