झांसी। माताटीला स्टेशन पर एक सूखे पेड़ में आग लगने से शनिवार को शताब्दी एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। वहीं आग लगने का कारण नहीं पता चल सका।
माताटीला स्टेशन के डाउन प्लेटफार्म की पटरियों के निकट वर्षों पुराना सूखा पेड़ लगा है। शनिवार की सुबह अज्ञात कारण के चलते पेड़ में आग लग गई। पहले तो आग सुलगती रही, मगर दस बजे के बाद आग उग्र हो गई। पेड़ की आग ट्रेनों तक न पहुंचे, इसलिए ट्रेनों को धीमी गति से गुजारना शुरू किया गया।
इधर, तालबेहट में फायर ब्रिगेड की गाड़ी उपलब्ध न होने के कारण ललितपुर को सूचित किया गया। इस बीच अप रेल मार्ग पर झांसी से ललितपुर की तरफ दौड़ रही शताब्दी एक्सप्रेस, दो मालगाड़ियों व ललितपुर से झांसी की तरफ आ रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, एपी एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति व तीन मालगाड़ियों को मौके से धीमी गति से गुजारा गया।
इससे उक्त ट्रेनों के समय पालन पर असर पड़ा। वहीं, अपराह्न 2.20 बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने पर पेड़ की आग को बुझाने का काम शुरू किया गया, जो तीन बजे पूरा हो सका। इसके बाद ट्रेनों ने अपनी गति से दौड़ना शुरू कर दिया।