09jjrp08- गुढा स्थित आइटीआई परिसर में जानकारी लेतेउपनिदेशक। स्रोत : संस्थान
झज्जर। हरियाणा कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के उपनिदेशक अनिल कुमार गोयल ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशिक्षण गतिविधियों की समीक्षा की। कहा कि प्रशिक्षुओं को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाए।
शनिवार को दौरे के अंतिम दिन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झज्जर एट गुढ़ा में जिले के सभी राजकीय आईटीआई संस्थानों के प्रधानाचार्यों, वर्ग अनुदेशक इंचार्जों, शिक्षुता और प्लेसमेंट अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। प्राधानाचार्य जीतपाल ने संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उपनिदेशक अनिल कुमार गोयल ने कहा कि देश को सशक्त बनाने के लिए युवाओं का कौशल विकास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि युवा तकनीकी रूप से दक्ष होंगे तो राष्ट्र भी विकसित और आत्मनिर्भर बनेगा। ऐसे में प्रशिक्षण संस्थानों का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाएं।
उपनिदेशक ने कहा कि वर्तमान औद्योगिक तकनीकों के अनुरूप संस्थानों में आधुनिक संसाधनों और तकनीकी व्यवस्थाओं को विकसित करना समय की आवश्यकता है। जीतपाल ने कहा कि जिले की छह आईटीआई में सीएसआर के तहत विभिन्न कंपनियों की तरफ से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी सत्र तक सभी प्रशिक्षण संस्थानों में सीएसआर के तहत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
वर्तमान में असेंबली लाइन स्थापित की जा रही है जिसका उपयोग आगामी सत्र से विद्यार्थियों के प्रशिक्षण में किया जाएगा। इस अवसर पर आईटीआई मातनहेल के प्रधानाचार्य अनिल दलाल, आईटीआई भापड़ोदा के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार, आईटीआई महिला झज्जर एट गुढ़ा की इंचार्ज सत्यवती उपस्थित रहे।