शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से लगाए गए ट्रैफिक सिग्नल शोपीस बनकर रह गए हैं। रेड सिग्नल होने के बावजूद चालक बेखौफ होकर अपने वाहन निकाल रहे हैं जिससे हादसों का खतरा बढ़ रहा है। सिग्नल चालू होने के बाद भी चौराहों पर नियमों का पालन नहीं हो रहा है।
शहर में पांच प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं जिनमें रेलवे रोड पर विश्वकर्मा चौक, नाहरा-नाहरी रोड चौक, झज्जर रोड पर बादली चुंगी, झज्जर मोड़ पर दिल्ली-रोहतक रोड और सेक्टर-6 मोड़ शामिल हैं। रेड लाइट पर रुकने की बजाय अधिकांश वाहन चालक तेजी से निकल जाते हैं।
कई बार तो एक दिशा में ग्रीन सिग्नल होने के बावजूद दूसरी ओर से वाहन घुस आते हैं जिससे टकराव की स्थिति बन जाती है। पुलिस प्रशासन की ओर से इस तरफ विशेष ध्यान देना चाहिए और लोगों को जागरूक करना चाहिए।
धर्मपुरा निवासी सुदीप कुमार, विकास शर्मा, जगदीश शर्मा, विजय कुमार ने कहा कि सिग्नल लगने के शुरुआती दिनों में कुछ हद तक पालन हुआ लेकिन अब स्थिति पहले जैसी हो गई है। न केवल दोपहिया और ई-रिक्शा बल्कि चार पहिया वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते नजर आते हैं।
किसी भी ट्रैफिक सिग्नल पर तैनात नहीं रहते पुलिसकर्मी
किसी भी सिग्नल पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात नहीं हैं। निगरानी के अभाव में नियम तोड़ने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही। यदि नियमित रूप से पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं और चालान की सख्ती बरती जाए तो स्थिति में सुधार आ सकता है। ट्रैफिक सिग्नल तभी प्रभावी होते हैं जब उनके साथ सख्त निगरानी और जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाए। फिलहाल शहर में लापरवाही का आलम यह है कि ट्रैफिक सिग्नल की लाल बत्ती भी वाहन चालकों को रोक नहीं पा रही जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
इन स्थानों पर लगे हैं ट्रैफिक सिग्नल
बहादुरगढ़ में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से शहर में पांच स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं। इनमें दिल्ली-रोहतक रोड पर झज्जर मोड़ के नजदीक, सेक्टर-6 मोड़ पर, शहर के बीचोंबीच से गुजरने वाले रास्ते पर विश्वकर्मा चौक और नाहरा-नाहरी चौक, झज्जर रोड पर बादली चुंगी के पास शामिल हैं। किसी भी स्थान पर टै्रफिक सिग्नलों के अनुसार लोग वाहन नहीं रोकते और चलाते हैं। ऐसे में हादसों की संभावना बनी रहती है।
वर्जन
बहादुरगढ़ में यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहनों के चालान किए जा रहे हैं। पुलिस की ओर से अब और सख्ती बरती जाएगी। ट्रैफिक सिग्नलों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ और ज्यादा सख्ती की जाएगी। साथ ही लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
-सतीश कुमार, एसएचओ, ट्रैफिक बहादुरगढ़।