पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता मिशन के तहत अभियान चल रहे हैं, लेकिन रामपुर में स्वच्छता अभियान पर नगर पालिका ग्रहण लगा रही है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के उद्घाटन करने के बाद भी सार्वजनिक शौचालय में ताला लटका है। हालांकि, नगर पालिका ने कुछ दिन तक शौचालय संचालित किया, लेकिन अब इसे बंद कर दिया है। इससे राहगीरों और आसपास के बाजार के दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश सरकार की ओर से जनता की सुविधा और स्वच्छ भारत मिशन के तहत जगह जगह शौचालयों का निर्माण कराया गया था। शहर में लाखों रुपये की लागत से करीब आधा दर्जन शौचालयों का निर्माण कराया गया। इनमें एक शौचालय हाईवे किनारे बनाया गया था। पिछले माह केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने इस शौचालय का उद्घाटन किया था, इसके बाद नगर पालिका की ओर से शौचालय का संचालन शुरू कर दिया गया था। इससे क्षेत्र के दुकानदारों, विकास भवन आने वाले फरियादियों और राहगीरों को काफी आसानी हो गई थी। किन्तु, कुछ ही दिनों बाद शौचालय को फिर से बंद कर दिया गया। अब इसमें ताला ही लटका रहता है, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानियां हो रही हैं।
साथ ही सरकार के स्वच्छ भारत मिशन की मंशा को भी पलीता लग रहा है। संपत्ति प्रभारी गणेश प्रसाद गौतम का कहना है कि पिछले दिनों तो शौचालय का संचालन हो रहा था, लेकिन यह बंद है हमारी जानकारी में नहीं है। अब मामला संज्ञान में आया है तो इसे दिखवाया जाएगा। कहा कि जनता की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा और शीघ्र शौचालय का ताला खुलवाया जाएगा।