इटावा। कोहरे की वजह से शताबदी, महानंदा व नार्थ-ईस्ट एक्सप्रेस को बृहस्पतिवार को निरस्त कर दिया गया जबकि कई ट्रेनें घंटों देरी से इटावा जंक्शन पर आईं। इसमें सबसे अधिक कालका एक्सप्रेस साढ़े चार घंटा देरी से स्टेशन पर आईं। तीन ट्रेनों के निरस्त होने से 87 यात्रियों ने अपने आरक्षित टिकट निरस्त करवा दिए। वह दूसरी ट्रेनों से गंतव्य के लिए रवाना हुए। वहीं, ट्रेनों की लेटलतीफी की वजह से ठंड में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार कोहरे की वजह से तीन प्रमुख दैनिक ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। इसमें कानपुर से चलकर नई दिल्ली को जाने वाली ट्रेन संख्या 12033 शताब्दी एक्सप्रेस निरस्त रहीं। इसके अलावा ट्रेन कामाख्या चलकर आनंद विहार को जाने वाली संख्या 12505 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस व अलीपुरद्वार से चलकर दिल्ली को जाने वाली ट्रेन संख्या 15483 महानंदा एक्सप्रेस निरस्त रहीं।
इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्री ट्रेन के निरस्त होने पर परेशान हुए। इन ट्रेनों से जाने वाले 87 लोगों ने अपने टिकट निरस्त करवाए। साथ ही दूसरी ट्रेनों में आरक्षण करवाने के लिए परेशान रहे लेकिन तत्काल में उनकी टिकट नहीं हो गई। इसके बाद जरूरतमंद यात्रियाें ने सामान्य टिकट पर दूसरी ट्रेनों में यात्रा करनी पड़ी।
लखनऊ से चलकर नई दिल्ली को जाने वाली गाड़ी संख्या 12419 गोमती एक्सप्रेस एक घंटे देरी से आई। इसके अलावा बनारस से जोधपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 14853 मरुधर एक्सप्रेस ढाई घंटे व कालका एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे देरी से आईं। ठंड की वजह से महिला, पुरुष, बच्चे व बुजुर्गों को प्लेटफार्म पर ठिठुरना पड़ा। बच्चों व महिलाओं ने कंबल आदि ओढ़कर ठंड को दूर भगाया।