साल्हावास। क्षेत्र के बहु गांव में वीरवार रात पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के अंगरक्षक रहे होशियार सिंह के पोते योगेश (32) की शराब पार्टी के दौरान गोली मारकर की गई हत्या मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीमों ने संभावित कई स्थानों पर दबिश दी।
एक टीम स्पेशल स्टाफ, दूसरी टीम साइबर क्राइम व तीसरी टीम थाना प्रभारी ऋषिपाल के नेतृत्व में काम कर रही है। तीनों ही टीमें जिले के अलावा रेवाड़ी, चरखी दादरी और रोहतक क्षेत्र में आरोपियों को धरपकड़ के लिए दबिश दे रही हैं।
पांच आरोपियों में दो आरोपी झज्जर के बहराणा, एक आरोपी रोहतक के रिठाल, दो आरोपी रेवाड़ी के नया गांव और एक आरोपी चरखी दादरी जिले से संबंध रखने वाला है। पुलिस को आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है।
एसीपी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीमें लगातार इस मामले में हर पहलू से नजर रखे हुए हैं और लगातार अलग-अलग क्षेत्र में दबिश दे रही है।
गांव नौसवां में इस बात को लेकर चर्चा है कि योगेश शराब नहीं पीता था। अब सवाल यह उठता है कि कमरे में मिली शराब की बोतल को कौन लाया था और किसने शराब पी थी।
मृतक के पिता तेजेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने झज्जर के बहराणा निवासी राहुल और शिवा, रोहतक के रिठाल निवासी कर्म, रेवाड़ी के नया गांव निवासी संदीप और चरखी दादरी के नौसवां निवासी पिन्नू के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की है।
लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाने की बात आई सामने
योगेश को लाइसेंसी बंदूक से गोली मारी गई है। सवाल उठता है कि यह बंदूक किसकी है और किसके नाम इसका लाइसेंस बना है। हालांकि आवारा पशुओं की रखवाली के लिए यह लाइसेंसी बंदूक प्रयोग में लाई जाने वाली बताई जा रही है। पुलिस को यहां से खाली बोतल भी बरामद हुई है और कमरे में चावल और चिकन भी बना हुआ मिला है।
वर्जन
इस मामले में तीन टीमें गठित की गई हैं जो दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-सुरेंद्र सिंह, एसीपी, झज्जर