झज्जर। गांव न्योला में खेत में कंबाइन मशीन लाने का विरोध करने की बात को लेकर दो भाइयों में विवाद हो गया। इस दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव न्यौला निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने खेत में सब्जी की बुआई की है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं। छोटे भाई राजसिंह की मृत्यु एक साल पहले हो चुकी है। सबसे छोटा भाई गजेंद्र है। आठ अप्रैल को वह खेत में थे। इस दौरान गजेंद्र अपने गेहूं निकालने के लिए कमबाइन उसके खेत में लाया, जिसमें उसने सब्जी बो रखी है।
जब कंबाइन लाने का विरोध किया तो गजेंद्र ने उसको दंताली से मारा। इसके बाद वह जान बचाने के लिए खेत से भागने लगा तो गजेंद्र ने उसका रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट करके उसको अधमरा कर दिया और जाते जाते उसको जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।