इटावा। दिन ब दिन जनपद में सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ जिला लगातार दूसरे दिन प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। कोहरे के कारण नेशनल हाईवे सहित अन्य लोकल रूटों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर निकलना पड़ा। वहीं मौसम वैज्ञानिक इस पूरे सप्ताह में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जता रहे है।
कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्राैद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि दिन में उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण दिन में आसमान साफ रहेगा। ऐसे में सर्दी के लिहाज से सुबह और शाम की अपेक्षा दिन राहत भरा रहने वाला है। हालांकि पूरे सप्ताह घना कोहरा रहने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री लुढ़ककर 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि इस सप्ताह में कोहरे से कोई राहत मिलने वाली नहीं है लेकिन तापमान में एक से दो डिग्री का उतार चढ़ाव देखने को मिलता रहेगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।