झज्जर। जिले में पिछले कई दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। दिन में तेज धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है। शुक्रवार दोपहर ढाई बजे के बाद अचानक मौसम बदला और आसमान में काले बादल छा गए। बादलों की गड़गड़ाहट के साथ कुछ मिनट हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
इससे अनाज मंडी में खुले में रखे बाजरा और धान को लेकर किसानों व आढ़तियों की चिंता बढ़ गई। मजदूरों ने तुरंत फसलों को तिरपाल से ढकना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक मौसम में बदलाव रहने के बाद फिर धूप निकल आई और शाम तक मौसम साफ हो गया।