बहादुरगढ़। तापमान बढ़ने के साथ ही गर्मी से बचने के लिए दिल्ली की तरफ जाने वाले लोग मेट्रो का सहारा ले रहे हैं। मेट्रो के वातानुकूलित बोगियों में न सिर्फ उन्हें राहत मिलती है बल्कि जाम की समस्या से भी निजात मिलती है। यही कारण है कि इन दिनों मेट्रो में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है।
बहादुरगढ़ में ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन अंतिम है। मेट्रो यहीं से यात्रियों से फुल हो जा रही है। लोग मेट्रो की पार्किंग के अलावा सड़क पर अपनी कार पार्क कर मेट्रो से दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर अपने काम के सिलसिले में जाते हैं।
लोगों का कहना है कि अपने वाहन से जहां दिल्ली जाने में जहां समय अधिक लगता है वहीं आर्थिक बोझ भी बढ़ता है। ऐसे में लोगों ने गर्मी के मौसम में मेट्रो से सफर करना ठीक समझा।
दिल्ली-रोहतक रोड पर स्थित ओमेक्स सिटी के रहने वाले योगेश गुप्ता, सुनील कुमार, सुरेंद्र गोयल ने बताया कि वे प्रतिदिन बहादुरगढ़ से अपनी कार से दिल्ली के सदर बाजार इलाके में जाते हैं। ज्यादा गर्मी और सर्दी होने पर वे अपनी कार की बजाय मेट्रो में सफर करना ज्यादा सही समझते हैं।
अब धीरे-धीरे गर्मी का कहर बढ़ता जा रहा है। दिल्ली में सड़कों पर वाहनों का दबाव कहीं ज्यादा रहता है। अपनी कार से सदर बाजार इलाके में पहुंचने पर में करीब डेढ़ घंटा लग जाता है। मेट्रो में सफर आरामदायक होता है। समय की भी बचत होती है। मेट्रो से कुल 35 से 40 मिनट में वे अपने काम पर पहुंच जाते हैं।
नई बस्ती निवासी देवेंद्र कौशिक, अमित कुमार, सुनील कुमार का कहना है कि गर्मी में मेट्रो का सफर काफी आरामदायक है। उनका कहना है कि वे दिल्ली के धोला कुआं की तरफ अपने काम पर जाते हैं। यहां जाने में कार से दो से ढाई घंटे का वक्त लग जाता है। मेट्रो में यह सफर तय करने में मात्र डेढ़ घंटे का समय लगता है।
गर्मी के मौसम में कारों के एसी जहां काम करने बंद कर जाते हैं। वहीं मेट्रो में तापमान कहीं ज्यादा कम रहता है। अब वे अपनी कार को मेट्रो पार्किंग में खड़ी करके मेट्रो से काम पर जाते हैं। मगर उन्हें मेट्रो में खड़े रहकर ही सफर करना पड़ता है। दरअसल, बहादुरगढ़ के ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन से ही मेट्रो फुल हो जाती है।
यह आखिरी स्टेशन है। इसी स्टेशन से यात्रियों की संख्या कहीं ज्यादा रहती है। यात्रियों ने डीएमआरसी के अधिकारियों से मांग की है कि मेट्रो के कोच की संख्या बढ़ाई जाए। ताकि लोग आसानी से बैठकर सफर तय कर सकें।