झज्जर। वीरवार को झज्जर और जींद की टीम के बीच खेला जा रहा अंडर-16 अंतर जिला प्रतियोगिता का लीग क्रिकेट मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका। बहादुरगढ़ के सेक्टर-9ए स्थित झज्जर क्रिकेट ग्राउंड में यह मुकाबला खेला गया। झज्जर की टीम ने जींद को वीजेडी मेथड से 22 रनों से हराया।
झज्जर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। जींद की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। वह 38.1 ओवरों में 133 रनों पर ऑल आउट हो गई। रोहित कुंडू ने 61 गेंदों में सात चौकों व एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए। गेंदबाजी में कौशल ने पांच ओवरों में 16 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। विआन दहिया ने नौ ओवरों में 27 रन देकर तीन विकेट लिए। राजीव गुलिया ने डेब्यू मैच में 5 ओवर में 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए झज्जर ने 27.1 ओवरों में छह विकेट पर 115 रन बनाए। बारिश के कारण मैच बीच में ही रोकना पड़ा और दोबारा शुरू नहीं हो सका। वीजेडी मेथड से झज्जर की टीम ने जीत दर्ज की। प्रतीक ने 17 गेंदों में 28 रन बनाए, जबकि गर्वित खुराना ने नौ ओवरों में 18 रन देकर तीन विकेट लिए। इस जीत के साथ झज्जर की टीम जोन-बी की अंकतालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जिसने तीन में से दो मैच जीते हैं।