झज्जर। झज्जर शहरी क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था के प्रभावी प्रबंधन के लिए योजनाबद्ध कदम उठाए जाएंगे। डीसी वर्षा खांगवाल ने मंगलवार को संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने झज्जर शहर से जुड़ी सड़कों, पेयजलापूर्ति और सीवरेज सहित अन्य विषयों पर चर्चा की।
डीसी ने बरसात में जलभराव की स्थिति रोकने के लिए ड्रेनेज प्रणाली दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने शहरी निकाय, सिंचाई और जनस्वास्थ्य विभाग को आपसी तालमेल से जल निकासी प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए। आगामी बरसाती मौसम से पहले प्रणाली को बेहतर बनाया जाए। शहर के सुंदरीकरण के लिए भी सभी विभाग समन्वय से कार्य करें। विकास कार्यों में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अधिकारियों को समय-समय पर निर्माण सामग्री के नमूने लेने के निर्देश भी दिए गए। नगर परिषद के अध्यक्ष जिले सिंह सैनी भी बैठक में उपस्थित थे।
डीसी ने शहरी स्थानीय निकाय अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता से करवाने को कहा। इससे आमजन को आवागमन में कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने विभिन्न विभागों को अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। यह विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने में सहायक होगा।