झज्जर। पिछले लगभग दो माह से टूटे पड़े पुराना बर्फखाना रोड के दुकानदारों को अब जाकर राहत मिलेगी। दुकानदारों की तरफ से बार-बार अधिकारियों से मिलने का दबाव आखिरकार रंग लाया है। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने शनिवार से शटरिंग डालने का काम रोड पर शुरू कर दिया।
दुकानदारों की इस समस्या को अमर उजाला ने 28 जनवरी के अंक में प्रकाशित किया था। रोड न बनने से दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। साथ ही बदबूदार पानी के कारण पूरा दिन दुकानदारों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। इसको लेकर 27 जनवरी को दुकानदार डीसी से भी मिले थे।
शनिवार दोपहर से इनेलो कार्यालय से लेकर शिव चौक तक रोड की लेवलिंग करने का काम शुरू किया गया। इसके अलावा रोड के दोनों तरफ शटरिंग डालने का काम भी किया गया।
पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारियों के अनुसार देर रात तक भी काम किया जाएगा। दिन में ट्रैफिक चलने के कारण यह निर्णय लिया गया है। ऐसे में अब उम्मीद जगी है कि यदि बारिश नहीं होगी तो अगले 10 से 15 दिन यह रोड बन जाएगा। यदि बारिश हुई तो कुछ और समय लगेगा।
अभी कुछ कुछ जगह पर पानी है जमा
शिव चौक सर्विस स्टेशन से लेकर पुराना बस अड्डा तक अब भी नाले व सीवरेज का पानी जमा है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे काम आगे बढ़ेगा, उसी के अनुसार पानी की निकासी की जाएगी। यदि अब पानी निकाला गया तो दोबारा से पानी जमा हो जाएगा क्योंकि कई जगह गंदे पानी की लीकेज है।
शेड हटाने के मामले में डीएमसी से मिलेंगे व्यापारी
शहर के कच्चा बादली रोड के व्यापारी शहर की दुकानों के बाहर लगे शेड हटाने को लेकर सोमवार को नगर आयुक्त जग निवास से मिलेंगे। व्यापारी यह जानकारी लेंगे कि दुकानों के ऊपर दुकानदारों को कितने फुट शेड लगाने की कानूनी इजाजत है। ब्लॉक अध्यक्ष विजय सैनी ने बताया कि शेड नप की तरफ से पूरे शहर में हटाए जा रहे हैं। यह शेड बारिश व धूप से बचाव करते हैं। इसलिए नगर आयुक्त से मिलकर इसे लगे रहने देने की मांग भी की जाएगी।
वर्जन
पुराना बर्फखाना रोड पर शटरिंग डालने का काम किया गया है। देर रात तक सड़क बनाने का काम किया जाएगा ताकि जल्द से जल्द सड़क का काम पूरा हो सके। साथ-साथ पानी की निकासी भी करवाई जाएगी।
सतीश कुमार, जेई, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर
31jjrp10- पुराना बर्फखाना रोड पर शैटरिंग डालने का काम करते कारीगर। संवाद