बादली। एनसीआर माइनर में मंगलवार को कपड़े धोने और नहाने गई एक किशोरी व महिला का पैर फिसल गया। वे गहरे पानी में डूब गईं जिससे दोनों की मौत हो गई। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। महिला उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ और किशोरी कासगंज की रहने वाली थी। दोनों बादली स्थित ईंट भट्टे पर काम करतीं थीं।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, मंगलवार करीब 11 बजे गांव बहरद, जिला अलीगढ़( यूपी) निवासी कमलेश (30) पत्नी सुभाष व खेड़िया जिला कासगंज ( यूपी) निवासी शालू (17) पुत्री कालीचरण कुछ अन्य महिलाओं के साथ एनसीआर माइनर पर कपड़े धोने और नहाने के लिए आईं थीं।
विज्ञापन
कमलेश और शालू कपड़े धोने के बाद नहाने के लिए एनसीआर माइनर में उतरीं तो उनका गहरे पानी में पैर फिसल गया। दोनों को तैरना नहीं आता था जिससे पानी में डूब गईं। उन्होंने जोर-जोर से चिल्लाकर बचाने की भी गुहार लगाई, मौके पर मौजूद अन्य महिला श्रमिकों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में चली गईं।
आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हुए और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घटना के आधा घंटे बाद कमलेश का शव 20 मीटर की दूर और शालू का शव करीब 50 मीटर दूर बरामद कर लिया। सब इंस्पेक्टर सोहेल खान ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए गए हैं।