हापुड़। गढ़ क्षेत्र में यूरिया की कालाबाजारी की आशंका पर कृषि विभाग ने छापा मारा। इस दौरान स्टॉक सत्यापन कराने की बजाए एक उर्वरक विक्रेता दुकान बंद कर भाग गया। फोन करने पर भी वह नहीं आया। कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए उसकी दुकान सील कर दी गई है।
जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि पूर्व में गढ़ के चंबल फर्टिलाइजर्स एंड कैमिक्लस लिमिटेड को पूर्व में स्टॉक सत्यापन को लेकर नोटिस जारी किए गए थे। उक्त उर्वरक विक्रेता सत्यापन से ठीक पहले बिक्री परिसर बंद करके वहां रखे यूरिया एवं अन्य उर्वरकों का सत्यापन करने से रोका गया।
इस खाद विक्रेता को विगत सप्ताह ही चम्बल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड द्वारा यूरिया की आपूर्ति की गयी थी। ऑनलाइन पोर्टल के अनुसार मंगलवार को इस विक्रेता के पास 29.52 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध था, नियमानुसार जिसका भौतिक सत्यापन किया जाना था। अनेक बार फोन और व्हाट्स एप पर सूचना देने के बाद भी इस विक्रेता द्वारा उपलब्ध यूरिया का सत्यापन नहीं कराया गया, जोकि यूरिया की संदिग्ध कालाबाजारी की संभावना है। इस पर दुकान परिसर को सील कर दिया गया। इस दौरान अधिक मात्रा में यूरिया ले जाते वाहनों को रोककर भी चेकिंग की गई।
-
जिले को मिला 1140 मीट्रिक टन यूरिया
जिले को यूरिया की उपलब्धता के लिए मंगलवार को यूरिया की रैक मिली। इसमें 1140 एमटी यूरिया जिले को प्राप्त हुआ। जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि जिले में 7720 मीट्रिक टन यूरिया और लगभग 3170 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध हैं, जोकि वर्तमान खरीफ मौसम के लिए पर्याप्त है।