फोटो-59: निर्माण कार्यों को रोकने पहुंची प्रशासन की टीम। स्रोत सूचना विभाग
बहादुरगढ़। एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए जिला प्रशासन ने ग्रेप-3 की पाबंदियों को सख्ती से लागू कराने के लिए संबंधित विभागों की टीमें फील्ड में उतार दी हैं। टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर निर्माण गतिविधियों का निरीक्षण कर रही हैं। प्रतिबंध के बावजूद निर्माण कार्य चलते मिलने पर उन्हें तत्काल बंद कराया जा रहा है। अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि वायु प्रदूषण रोकने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खुले में कचरा और प्लास्टिक जलाने वालों पर भी प्रशासन नजर रख रहा है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन और किसानों से पराली प्रबंधन के निर्धारित उपाय अपनाने और कचरा खुले में नहीं जलाने की अपील की।
डीसी ने कहा कि कचरा जलाने से निकलने वाला जहरीला धुआं बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। नागरिक गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें और नगर निकायों की कचरा संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा के लिए प्रशासन के साथ आमजन का सहयोग भी जरूरी है।
फोटो-59: निर्माण कार्यों को रोकने पहुंची प्रशासन की टीम। स्रोत सूचना विभाग