जिले के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित
फोटो-5
संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। निपुण हरियाणा मिशन के तहत जिला के सभी 291 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया।
जिला निपुण संयोजक डॉ. सुदर्शन पूनिया ने बताया कि विभाग के निर्देशानुसार बैठक सुबह 8:30 बजे आरंभ हुई। इसमें अभिभावकों के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं जैसे अपने बच्चे को जानें, निपुण शब्द अंताक्षरी, वाक्य-निर्माण, कहानी बनाओ आदि रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां सम्मिलित रहीं।
बैठक में अभिभावकों ने शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति एवं कक्षा तैयारी कार्यक्रम के अंतर्गत उनके प्रदर्शन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। साथ ही, ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान अभिभावकों की भूमिका एवं उत्तरदायित्व तथा बच्चों के ग्रीष्मकालीन अवकाश गृहकार्य में सहयोग के तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
शिक्षकों ने अभिभावकों को ग्रीष्मकालीन अवकाश का गृहकार्य सौंपा और यह भी समझाया कि वे अपने बच्चों को घर पर किस प्रकार से सहयोग करें और गृहकार्य पूर्ण करवाएं। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच शैक्षणिक जुड़ाव और मजबूत होगा। इस दौरान अभिभावकों से निपुण पेरेंट्स एप भी फोन में इंस्टाल करने का आग्रह किया गया ताकि अभिभावक भी समय समय पर आयोजित निपुण से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर सकें। पीटीएम के दौरान जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों, डाइट के प्राध्यापक, एबीआरसी एवं बीआरपी ने विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण किया और पीटीएम का संचालन देखा एवं अभिभावकों से भी सीधा संवाद किया।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक ने सभी हितधारकों एवं विशेषकर शिक्षकों से अपील की कि वे ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों से संपर्क बनाए रखें और अभिभावकों को गृहकार्य संपन्न करवाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। जिला शिक्षा अधिकारी रतिंद्र सिंह, प्रधानाचार्य डाइट अनिल श्योराण डीपीसी अनिल शर्मा ने आशा व्यक्त की कि यह पीटीएम निपुण झज्जर के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगी।
सरकारी, निजी स्कूलों की छुट्टियां
शिक्षा विभाग ने 25 मई से सरकारी व निजी स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियां घोषित कर दी है। 24 मई को रविवार होने के कारण छुट्टी है। अंतिम दिन शनिवार को गृह कार्य स्कूलों में दिया गया, जिससे बच्चे खुश नजर आए।
आखिर नौनिहालों की छुट्टी कब
सरकारी व निजी स्कूलों में छुट्टियां शुरू हो गई है, लेकिन आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टियां अब तक घोषित नहीं की गई है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी छोटे-छोटे बच्चे आते हैं, लेकिन अब तक उनकी छुट्टियों की घोषणा विभाग की तरफ से नहीं की गई हैं।