कोसली। गांव लुखी की शिवानी यादव का भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट पद पर चयन होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर ग्रामीणों ने शिवानी और उनके परिवार को बधाई दी।
मुख्य अतिथि पूर्व पार्षद अमित यादव ने कहा कि शिवानी ने यह मुकाम हासिल कर अपने माता-पिता, गुरुजनों और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि शिवानी की सफलता अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। पिता जितेंद्र यादव केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 83वीं बटालियन में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं। अब बेटी भी भारतीय नौसेना के शिक्षा विभाग में शामिल होकर देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में योगदान देंगी।
शिवानी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा कनीना से पूरी की तथा बाद में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। कार्यक्रम में हेडमास्टर अशोक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर डॉ. बलवान यादव, रविंद्र आशावादी, धर्मवीर शास्त्री, मेजर सत्यनारायण, डॉ. भूदेव, पंडित मायानिधि, मनोहर लाल, जयवीर, राजकुमार, वेद प्रकाश और सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।