झज्जर। बहादुरगढ़ निवासी तनिष्का शर्मा ने सीनियर महिला एकदिवसीय ट्रॉफी में लीग चरण के सात मैचाें की सात पारियों में 283 रन बनाए। वहीं, तनिष्का शर्मा हरियाणा टीम की कप्तान रहते हुए अपनी टीम को नॉक आउट चरण में नहीं पहुंचा सकी।
बीसीसीआई की तरफ से 6 से 28 फरवरी तक सीनियर महिला एकदिवसीय ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हरियाणा सहित अलग-अलग प्रदेशों की टीमों ने भाग लिया। हरियाणा की टीम को इलीट ग्रुप-बी के लीग चरण में सात मैचों में से दो में जीत व पांच मैचों में हार का सामना करना पड़ा।
इसमें बहादुरगढ़ निवासी तनिष्का शर्मा ने हरियाणा टीम की कप्तानी करते हुए लीग चरण के सभी मैच खेले। इस दौरान तनिष्का शर्मा ने प्रतियोगिता में 295 गेंदों का सामना करते 283 रन बनाए। इस प्रतियोगिता में तनिष्का ने एक शतक व दो अर्धशतक भी लगाए।
वहीं, तनिष्का का उच्चतम स्कोर 135 रन रहा। तनिष्का ने प्रतियोगिता में 42 चौके व दो छक्के भी लगाए। इसके अलावा तनिष्का ने 95.93 की स्ट्राइक रेट व 40.43 की औसत से रन बनाए।
तनिष्का शर्मा अब तक हरियाणा की टीम से अलग-अलग प्रतियोगिता में भाग ले चुकी है। इन सभी प्रतियोगिता में तनिष्का ने अच्छा प्रदर्शन किया है। अब तक तनिष्का शर्मा अंडर-15, अंडर-19, अंडर-23 व सीनियर स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं में हरियाणा की टीम से खेल चुकी है। अब तनिष्का का सपना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम में खेलने का है।