एसओजी टीम जयपुर द्वारा विश्वविद्यालय परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक प्रकरण में कठोर रूख दिखाते हुए उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने मंगलवार को प्रिंसिपल समेत प्रोफेसर्स और मंत्रालयिक कर्मचारी को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा मंत्री के निर्देश के बाद राजकीय महाविद्यालय, खाजूवाला बीकानेर के प्राचार्य निरंकार स्वरूप मोदी, राजस्थान विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जेपी जाट, विभागाध्यक्ष भूगोल विभाग, राजस्थान विश्वविद्यालय के प्रोफेसर गोविंद पारीक, कालाडेरा कॉलेज में व्याख्याता शंकर लाल चौपड़ा तथा कार्यवाहक अनुभागाधिकारी परीक्षा, गोपनीय वाणिज्य विज्ञान संकाय डॉक्टर नंदलाल माली को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षामंत्री माहेश्वरी ने कहा कि विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं में किसी भी तरह भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था का पूरे देश में नाम और साख है। ऐसे में कुछ लोगों की आपराधिक गतिविधियों के चलते प्रदेश का नाम खराब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की एसओजी जांच कर रही है।