निचलौल/ठूठीबारी। क्षेत्र के गन्ना किसानों का करीब 13 करोड़ रुपये दबाए बैठी जेएचवी शुगर मिल नये पेराई सत्र की तैयारी कर रही है। शनिवार की देर शाम शुभ मुहूर्त में मिल के डोंगा का पूजन शुरू हुआ। हालांकि अभी पेराई के लिए मिल पूरी तरह तैयार नहीं है। टेक्निकल तैयारियों की बढ़ी रफ्तार के बीच दिसंबर के प्रथम सप्ताह में पेराई शुरू होने की उम्मीद की जा रही है।
शनिवार की शाम करीब चार बजे वैदिक मंत्रोचार के बीच डोंगा पूजन शुरू हो गया। मिल के पहले चलने से किसानों में हर्ष तो है लेकिन बकाए गन्ना मूल्य भुगतान और नोटबंदी से किसान पहले ही खासे परेशान है। ऐसे में गन्ने की कटाई और उसे मिल गेट तक पहुंचाने के खर्चे उम्मीदों की राह में पहाड़ से खडे़ हैं। नोटबंदी से गुड़ उद्योग खटाई में पड़ जाने से किसानों के पास मिल को गन्ना देने के सिवाय दूसरा कोई चारा नहीं बचा है। किसानों की इसी मजबूरी का लाभ लेकर मिल प्रबंधन पिछले कुछ सालों से लगातार भुगतान में लेटलतीफी कर रहा है। यही कारण है कि क्षेत्र के गन्ना किसान गन्ने की खेती से तौबा कर केले की खेती को ओर तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं।