जसवंतनगर। दोपहिया वाहन पर स्टंट कर सोशल मीडिया पर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। जसवंतनगर पुलिस ने स्टंट ड्राइविंग के मामले में बाइक को सीज कर दिया। स्टंटबाज युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में 11,500 रुपये का चालान भी किया है।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले में स्टंट करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक स्टंट की रील का संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष कमल भाटी ने कार्रवाई के निर्देश दिए। उप निरीक्षक यशवीर सिंह चौकी प्रभारी धरबार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के बाद युवक को पकड़ा।
पकड़े गए स्टंटबाज की पहचान कौशल बाबू निवासी बिहारीपुरा,जसवंतनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक की मोटरसाइकिल को एमवी एक्ट के तहत सीज कर विधिक कार्रवाई की। सीओ आयुषी सिंह ने युवाओं से अपील की है कि वाहन चलाते समय स्टंट न करें और यातायात नियमों का पालन करें।