झज्जर। एनसीआर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए दिन-रात निगरानी करने और खुले में कूड़ा-कचरा, पराली व प्लास्टिक जलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
डीसी ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए गठित टीमें दिन-रात सक्रिय रहें और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करें। सड़कों, खाली प्लॉटों और अन्य खुले स्थानों पर कचरा जलाने की घटनाओं पर विशेष नजर रखी जाए। साथ ही, सड़कों पर धूल-मिट्टी उड़ने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और प्रदूषण की आशंका वाले क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए।
उन्होंने सभी बीडीपीओ को पंचायती भूमि पर कचरा डालने या जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की नियमित समीक्षा करने को कहा है।