विद्यालय में फैली गंदगी देखते एसडीएम सदर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
चुनाव के मद्देनजर शनिवार को एसडीएम सदर ने शहर के तीन मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। कई खामियां मिलने पर उन्होंने ईओ नगर पालिका को तीन दिन के अंदर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि अगर तीन दिन के अंदर शहर के बूथों पर व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त नहीं मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को एसडीएम सदर अमित राठौर ने शहर के मतदान केंद्र नेहरू इंटर कालेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र के बाहर गंदगी एवं उन्हें टूटी सड़क मिली। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित प्रधानाचार्य को व्यवस्थाएं चुस्त दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बनारसीदास मोहल्ले में स्थित जनक दुलारी इंटर कालेज का निरीक्षण किया। यहां व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय बिजली कंपनी पढ़ीन दरवाजा का निरीक्षण किया। यहां पर उन्हें मतदान केंद्र के बाहर साफ-सफाई नहीं मिली। इसके अलावा शौचालय एवं बिजली-पानी की भी व्यवस्था भी खराब नजर आई।
वहीं, एसडीएम सदर ने प्राथमिक विद्यालय दिल्ली दरवाजा में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारे जाने के निर्देश प्रधानाध्यापकों को दिए। एसडीएम ने ईओ नगर पालिका संजय कुमार को मतदान केंद्राें में साफ-सफाई कराए जाने के निर्देश देते हुए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया।
शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने को प्रधानाचार्य को दी हिदायत
औरैया। एसडीएम अमित राठौर ने निरीक्षण के दौरान स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को भी परखा। शैक्षणिक गुणवत्ता ठीक न मिलने पर उन्होंने शिक्षकों व प्रधानाध्यापकों को हिदायत भी दी। कहा कि मेहनत से पढ़ाएं। आगे भी निरीक्षण करेंगे और अगर यही हाल रहा तो कार्रवाई की जाएगी।
मतदान केंद्र का जायजा ले व्यवस्था सुधारने के निर्देश
बिधूना। नगर पंचायत चुनाव में मतदान केंद्र बनाए गए पब्लिक इंटर कालेज में एडीएम रामसेवक द्विवेदी ने निरीक्षण किया। इसके साथ ही केंद्र पर बेरीकेडिंग करने और अन्य संसाधनों को पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। कहा कि किसी भी सूरत में अव्यवस्था न रहे। तीन दिन के अंदर व्यवस्थाएं सुधार ले।