फोटो 82: दस्तावेजों की जांच करते अधिकारी। स्रोत विभाग
- फोटो : Archive
बहादुरगढ़। शिक्षा विभाग ने शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत सत्र 2026-27 में निजी स्कूलों में दाखिले की प्रक्रिया तेज करते हुए बुधवार से आवेदन पत्रों के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। ऑनलाइन ड्राॅ निकालने से पहले खंड स्तर पर अधिकारियों की ओर से अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है ताकि पात्र बच्चों को योजना का लाभ मिल सके।
खंड शिक्षा अधिकारी शेर सिंह ने बताया कि विभागीय निर्देशों के अनुसार गठित कमेटी की ओर से दस्तावेजों की जांच 24 अप्रैल तक जारी रहेगी। अभिभावक अपने बच्चों के आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, आय प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंच रहे हैं।
जांच प्रक्रिया में कमेटी सदस्य प्राचार्य रवि धनखड़ और कविता सहरावत सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। बहादुरगढ़ ब्लॉक में 160 से अधिक मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में आरटीई के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक ने बताया कि 24 अप्रैल के बाद पात्र अभ्यर्थियों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने-अपने ब्लॉक में पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि उनके बच्चों के दाखिले में कोई बाधा न आए।