एमएचएसी स्कूल नागबनी जम्मू के प्रिंसिपल पर प्राइमरी सेक्शन की शिक्षिका द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप को लेकर प्रिंसिपल के समर्थन में स्कूल का पूरा स्टाफ सामने आया है। स्टाफ ने प्रेस क्लब में एकजुट होकर प्रिंसिपल का समर्थन किया।
स्टाफ ने प्रेस वार्ता में के साथ ही हाथों में प्रिंसिपल के समर्थन की तख्तियां लेकर अपनी बात रखी। इसके साथ ही प्राइमरी विंग के पूरे स्टाफ ने शिक्षिका पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर पुलिस स्टेशन दोमाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
प्रिंसिपल की पत्नी एवं प्राइमरी सेक्शन की प्रिंसिपल मीनू बेताब और शिक्षिका शशि किरण बेदी ने कहा कि सोची-समझी साजिश के तहत प्रिंसिपल को बदनाम करने व स्कूल का नाम खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रिंसिपल पूरी तरह से बेकसूर हैं, क्योंकि प्रिंसिपल के व्यवहार को पूरा स्टाफ जानता है।
स्कूल में शिक्षक एक परिवार की तरह काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों से यह सहन नहीं हो रहा है। आरोप लगाने वाली शिक्षिका पहले ही कई विवादों में पड़ चुकी हैं। स्टाफ ही इस शिक्षिका से पहले ही परेशान है। इसलिए अब पूरे स्टाफ ने शिक्षिका के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। इस मौके पर प्रभा शर्मा, रीता शर्मा, अंजू गुप्ता, बलराज सिंह रावत और अन्य मौजूद थे।