झज्जर। शहर से ग्रामीण आंचल की तरफ जाने वाली सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा है। इस कारण सड़कों की मजबूती कम हो रही है।
ऐसे में अब पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से इन सड़कों को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त लेयर बिछाने का काम किया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से नाबार्ड योजना के तहत सड़कों को मजबूत किया जाएगा। लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) विभाग ने नाबार्ड योजना के तहत सड़क सुधार कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं। इस परियोजना की अनुमानित लागत 8.61 करोड़ रुपये है। कार्य को छह महीने की समय सीमा में पूरा किया जाना है। यह कार्य रोहतक-झज्जर-रेवाड़ी रोड से सुबाना रोड तक, गिजारोध-सलोधा रोड से डावला, करोदा रोड से ग्वालिसन से खेड़ी होशदारपुर रोड तक किया जाएगा। रोहतक-झज्जर-रेवाड़ी रोड से सुबाना, गिजारोध, सलोधा, डावला, करोदा, ग्वालिसन तक लगभग 14.5 किलोमीटर लंबे मार्ग का सुधार किया जाएगा। यह रोड रोहतक-रेवाड़ी रोड को आगे दादरी रोड से जोड़ता है। दादरी-भिवानी की तरफ से आने वाले वाहन इस रोड के जरिये रेवाड़ी और रोहतक की तरफ जाते हैं।
वाहनों का लगातार रहता है आवागमन
दादरी की तरफ से आने वाले वाहन आसानी से इन लिंक मार्गों का प्रयोग करते हुए रोहतक-रेवाड़ी रोड की तरफ जाते हैं, जिससे उनका काफी समय व रास्ता बच जाता है। कई बडे़ वाहन भी इस रास्ते का प्रयोग रेवाड़ी जाने के लिए करते हैं।
कई मार्गों के सुधार का काम किया जाएगा
पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से इन लिंक मार्गों के अलावा कुलताना गांव से डीघल सांपला रोड तक सड़क को मजबूत करने का काम किया जाएगा। इसका काम पीडब्ल्यूडी बीएंडआर करवाएगा। नाबार्ड योजना के अधीन यह काम करवाया जाएगा। इस पर 4 करोड़ 40 लाख 79 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद 6 माह में इसका काम पूरा करना होगा। लगभग 7.8 किलोमीटर लंबी यह सड़क डीघल, कुलताना, गंगटान गांव को जोड़ती है।
शहर से गांवों को जाने वाले लिंक मार्गों को नाबार्ड योजना के तहत सुधार करवाया जाना है। इसके लिए लेयर बिछाई जाएंगी। इन मार्गों पर ट्रैफिक बढ़ने के चलते सड़क को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए टेंडर लगा दिए गए हैं।
सुमित कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर