रेवाड़ी। शहर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था भरतमुनि कला केन्द्र द्वारा हिंदी रंगमंच दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय रंगोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार की शाम सात बजे बाल भवन के ओपन एयर थिएटर में होगा। यह आयोजन हरियाणा कला परिषद और भरतमुनि कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
संस्था के सदस्य डॉ. अंकुर खेर ने बताया कि रंगोत्सव के पहले दिन मदन डागर के निर्देशन में विजय तेंदुलकर द्वारा लिखित प्रसिद्ध नाटक खामोश अदालत जारी है का मंचन किया जाएगा।
दूसरे दिन कशिश बत्रा के निर्देशन में जयवर्धन द्वारा लिखित अर्जेंट मीटिंग का मंचन होगा जबकि तीसरे दिन मनोज शर्मा के निर्देशन में एंटोन चेखव द्वारा लिखित गिरगिट नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। समापन समारोह में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव मुख्य अतिथि होंगे।
आयोजकों के अनुसार, सभी नाटक सामाजिक कुरीतियों और भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर व्यंग्यात्मक शैली में आधारित हैं जो समाज को जागरूक करने का संदेश देंगे।
संस्था के निदेशक मदन डागर पिछले चार वर्षों से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं और युवाओं को अभिनय के लिए मंच प्रदान कर रहे हैं। इसके लिए सभी मंचन केलिए तैयारियों में जुट गए हैं। संवाद