झज्जर। केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत 30 जून तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेले और स्वनिधि शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि इन आयोजनों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करना है। योजना में अब रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के साथ छोटे व्यवसायियों को भी शामिल किया गया है, जैसे नाई, सैलून संचालक, साइकिल मरम्मतकर्ता, प्रेस व लॉन्ड्री कार्य, टेंट सेवा, फोटो कॉपी, आटा चक्की आदि।
योजना के तहत पहले चरण में 15 हजार रुपये तक, फिर 25 हजार और 50 हजार रुपये तक ऋण सुविधा दी जाती है। समय पर भुगतान करने पर ब्याज सब्सिडी का लाभ भी मिलता है।