दिल्ली में गैंगरेप मामले के बाद पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन भी कैंपस की सुरक्षा को लेकर काफी सजग हो गया है। नववर्ष में संकल्प लेते हुए मंगलवार को कुलपति प्रो. अरुण कुमार ग्रोवर ने चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर से लेकर डीयूआई, रजिस्ट्रार, डीएसडब्ल्यू और सभी वार्डन के साथ पीयू की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की।
करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में खास तौर से गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली लड़कियों की सुरक्षा को लेकर चर्चा हुई। इसमें एक सप्ताह के भीतर 24 घंटे चालू रहने वाला हेल्पलाइन नंबर जारी करने के आदेश दिए गए। बैठक में पीयू अधिकारियों और स्टूडेंट काउंसिल सदस्यों ने भी अपने सुझाव दिए।
सभी सदस्यों ने कैंपस में पैट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की। जिसमें गर्ल्स हॉस्टल और स्पोर्ट्स ग्राउंड का एरिया शामिल है। सप्ताह भर के अंदर पीयू के सभी विभाग, हॉस्टल और मुख्य गेट पर हेल्पलाइन नंबर 0172-2534891 और 2771170 को चस्पा कर दिया जाएगा। छेड़छाड़ की घटना होने या आशंका होने पर इन नंबरों पर संपर्क करके सिक्योरिटी को बुलाया जा सकेगा।
सेक्टर-14 और सेक्टर-25 साउथ कैंपस पर नजर रखने के लिए 30 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। बैठक में जल्द ही 80 नए सुरक्षाकर्मियों की भर्ती करने का फैसला भी लिया गया। चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर पीके धवन ने पेट्रोलिंग के लिए एक नया चार पहिया वाहन खरीदने का प्रस्ताव रखा।
सुरक्षा के लिए यह भी
- सभी हास्टल में दो सिक्योरिटी गार्ड तैनात होंगे
- सेक्टर-25 में नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी
- गर्ल्स हॉस्टल के बाहर गेड़ी रूट पूरी तरह बंद होगा
- ब्लैक फिल्म वाली गाड़ियों पर पूरी तरह पाबंदी लगेगी
- हॉस्टल वार्डन की कमेटी हर 15 दिन बाद सिक्योरिटी पर मंथन करेगी
- छेड़छाड़ की शिकायतों को लेकर कैंपस में शिकायत बॉक्स लगाए जाएंगे
- पीयू स्टिकर लगे वाहनों को ही मिलेगी एंट्री
- हाई रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे