बहादुरगढ़। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अनाज मंडी में किसान-विरोधी फसल खरीद पर लगाई गई शर्तों और नए नियमों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मंडी में जुलूस निकाला और नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों को संगठन के प्रदेश सचिव जयकरण मांडौठी और जिला कमेटी सदस्य रामकिशन व सतबीर सिंह बल्हारा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने फसलों की खरीद के लिए लगाई गई शर्तों और नए नियमों के कारण किसान बहुत परेशान हैं। बायोमीट्रिक सत्यापन यानी किसान के अंगूठा की जांच, ट्रैक्टर व ट्रॉली पर नंबर प्लेट, मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल से मिलान और पोर्टल के ना खुलने व नेटवर्क की समस्या किसानों के जी के जंजाल बन गई हैं।
गेटपास बनवाने में एक ही किसान का बहुत ज्यादा समय लग जाता है। अंगूठे से पहचान नहीं हो पा रही है। सब किसानों के पास अपने ट्रैक्टर नहीं हैं। छोटे किसानों को किराए के ट्रैक्टर लेकर आना पड़ता है।
मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद भी ई-खरीद पर डाटा अपलोड नहीं हो रहा। पोर्टल पर फसल बूढ़े और बीमार पिता के नाम पर दर्ज है। बेटा या पोता लेकर आता है तो गेट पास नहीं बनता। ये नए नियम धीरे-धीरे एमएसपी पर चल रही खरीद को खत्म करने की तैयारी है। सभी ने इन बेतुकी शर्तों और नये नियमों को वापस लेने की मांग की। इस धरने प्रदर्शन में राजबीर सिंह छिल्लर, सतीश कुमार, लालजी तथा देवेंद्र कुमार शामिल रहे।
-फोटो 91 : मंडी में प्रदर्शन करते संगठन पदाधिकारी। स्रोत संगठन
-