संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सामुदायिक पुलिसिंग सेल द्वारा मानव संस्कार भारती पब्लिक स्कूल, धीरज नगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने क्राइम अगेंस्ट वूमेन एवं चाइल्ड मैरिज एक्ट के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह समाज की एक गंभीर कुप्रथा है, जो बेटियों के शारीरिक व मानसिक विकास को प्रभावित करने के साथ-साथ उनकी शिक्षा, अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य में बाधा उत्पन्न करती है।
उन्होंने यह भी बताया कि ऐसी कुरीतियां महिलाओं के प्रति अपराधों को बढ़ावा देती हैं, इसलिए संबंधित कानूनों की जानकारी और उनका पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इसके अलावा, कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया। इस जागरूकता अभियान के माध्यम से लगभग 450 विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया और उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित किया गया।