झज्जर। ढाकला गांव में 12 नवंबर को बलराम और विकास पर हुई फायरिंग के मामले में 50 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस की छह टीमें जुटी हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ वारदात के पास मिली संदिग्ध गाड़ी के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस वर्ष 2011 में हुए पूर्व सरपंच के प्रतिनिधि हत्याकांड सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के नजदीक मिली संदिग्ध गाड़ी किसकी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि 12 नवंबर की शाम ढाकला गांव में रिटौली निवासी विकास और ढाकला निवासी बलराम बैठक में हुक्का पी रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इसमें दोनों घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रोहतक के निजी अस्पताल में बलराम की मौत हो गई। वहीं, विकास का बहादुरगढ़ के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।