झज्जर। अंतर विभागीय तालमेल सदस्य विभागाध्यक्ष की बैठक निदेशक एवं सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह की अध्यक्षता में सिविल अस्पताल के काॅन्फ्रेंस रूम में हुई। इस अवसर पर सीएमओ ने कहा कि बिना सभी विभागों के आपसी तालमेल के लाेगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं पहुंचाई जा सकती। स्वास्थ्य विभाग की सुविधाओं काे आम जनता तक पहुंचाने के लिए आपसी तालमेल होना जरूरी है।
उन्हाेंने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर विभागीय तालमेल से 18 साल तक के बच्चों को बहुत फायदा मिलता है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत हर साल हजारों बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य की जांच की जाती है। इसके तहत किसी भी बीमारी से पीड़ित बच्चों को अगर ऑपरेशन करवाने की आवश्यकता पड़ती है तो उसका सारा खर्च आरबीएसके के तहत सरकार उठाती है। उन्होंने विभागाध्यक्ष से अपील करते हुए कहा कि 11 फरवरी को एक साल से 24 साल तक लाभार्थी बच्चों एवं महिलाओं को पेट के कीड़े मारने वाली एल्बेंडाजोल गोली जरूर खिलाएं।
उप सिविल सर्जन डॉ. मनोज कुमार सैनी और डीईआईसी मैनेजर अंजू ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम तहत हर साल कार्यक्रम के सहयोगी विभागों के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए बैठक की जाती है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार खन्ना, एपीसी धर्मेंद्र, विक्रम यादव, महिला एवं कल्याण विभाग से राजबाला, योगेश कुमार, प्रवीण जांगड़ा, डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. नरेश दहिया, उप सिविल सर्जन डॉ. नीरज आहूजा, उप सिविल सर्जन सुनील नरवाल मौजूद रहे।