झज्जर। जिले में बिजली चोरी के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बिजली निगम ने पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष अप्रैल से जून माह तक अधिक बिजली चोरी के मामले पकड़े हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार 141 लोग ज्यादा बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए हैं।
वहीं, बेरी डिवीजन में सबसे अधिक 127 बिजली चोर पकड़े गए हैं। निगम की ओर से बिजली चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान को भी तेज किया गया है। इसके साथ ही पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष जून माह में बिजली लाइन लॉस में 0.89 प्रतिशत की कमी आई है।
पिछले वर्ष अप्रैल से जून तक बिजली निगम ने 203 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा था। वहीं, इस वर्ष निगम ने 3622 कनेक्शन चेक किए जिनमें 344 लोग बिजली चोरी करते मिले।
इन पर 83.95 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 55.77 लाख रुपये की राशि वसूल की जा चुकी है। बवहीं, पिछले वर्ष जून माह में जिले का बिजली लाइन लॉस 10.10 प्रतिशत था, जो इस वर्ष घटकर 9.21 प्रतिशत रह गया है।