पूर्व पैरा मिलिट्री कल्याण समिति की ज्ञानोदय जूनियर हाईस्कूल में हुई बैठक में लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने पर रोष जताया गया। वक्ताओं ने सेना की तरह पैरा मिलिट्री फोर्स के पेंशनरों को भी ओआरओपी देने के अलावा सातवें वेतन आयोग का लाभ देने की मांग उठाई।
पूर्व अर्द्धसैनिक बल वेलफेयर एसोशिएसन की स्टेट कोऑडिनेशन कमेटी के चेयरमैन व राष्ट्रपति पदक से सम्मानित मनोहर सिंह नेगी ने इस मौके पर कहा कि कुमाऊं के सभी ब्लॉकों और तहसीलों में भी पैरा मिलिट्री कल्याण समितियां गठित की जाएंगी। प्रत्येक समिति में एक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके अलावा श्री नेगी ने अल्मोड़ा में जल्द से जल्द पैरामिलिट्री फोर्सेस का मंडल कार्यालय खोला जाए।
वक्ताओं ने कहा कि सेना के जवानों की तरह पैरा मिलिट्री जवानों को भी शहीद का दर्जा मिले। पैरा मिलिट्री फोर्स के लिए अलग मंत्रालय बनाया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने अर्ध सैनिक नाम हटाकर पैरा मिलिट्री फोर्स करने की भी मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष केबी पांडे और संचालन जोगा सिंह बोरा ने किया।
इस मौके पर प्रदेश संयोजक श्री मनोहर सिंह नेगी के अलावा, प्रदेश सचिव आरएस बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, उमेश सिंह, लाल सिंह भाकुनी, प्रताप सिंह बजेठा, दीवान सिंह बोरा, खुशाल सिंह भंडारी, डीसी वैष्णव, राम सिंह राना, केवलानंद मिश्रा, महेद्र सिंह, हीरा सिंह, नंदन सिंह, बची राम, केदार सिंह, गोपाल सिंह, आनंद बोरा आदि थे।