महाशिवरात्रि के अद्भुत संयोग में बाबा भोलेनाथ के दर्शन-पूजन को लेकर भक्तों का उत्साह चरम पर है। आस्था से श्रद्धालु एक दिन पहले ही शिव की भक्ति में डूबते नजर आए। महापर्व की पावन वेला में जलाभिषेक कर बाबा की कृपा पाने के लिए लालायित शिवभक्त पूरी तल्लीनता से तैयारियों में जुटे रहे।
जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए वाराणसी, गोरखपुर और नेपाल के प्रमुख शिव मंदिरों की ओर रवाना हुए। जिले में स्थित शिव मंदिरों में भी शिवरात्रि की तैयारियां चरम पर रहीं।
साफ-सफाई कर जहां मंदिरों को सजाने का काम पूरा किया गया। वहीं, श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। कहीं मेला सजेगा तो कहीं गाजे-बाजे के साथ शिव बारात निकालने की तैयारी है। जिले के सभी प्रमुख शिव मंदिरों पर विशेष आयोजन किए गए हैं।
नगर के सिंहेश्वरी मंदिर, सेमरा महादेव सहित इटवा में कटेश्वरनाथ महादेव, बांसी के मटेश्वरनाथ महादेव, चेतिया बाबा मोती सागर, भारतभारी जैसे प्रमुख शिव मंदिरों पर रविवार को महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी की गईं।